- जमीन बंटवारे के विवाद में किया था बेरहमी से मर्डर फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक पुलिस ने एक बुजुर्ग की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मृतक के आरोपी बेटे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जमीन के बंटवारे को लेकर पैदा हुई रंजिश में बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला सुंदर गांव में 19/20 अप्रैल की रात करीब 80 वर्षीय सुघर सिंह की खेत पर बने मकान में सोते समय हत्या कर दी गई थी। उनके सिर पर किसी ठोस व नुकीली वस्तु से वार किया गया था। इस संबंध में परिजनों की तहरीर पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने मामले की छानबीन करते हुए मुख्य आरोपी जर्मन सिंह (पुत्र सुघर सिंह, निवासी बढाईपुरा, थाना नसीरपुर) की तलाश शुरू की। बुधवार रात में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नगला जवाहर नहर पुलिया के पास छिपा हुआ है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान सामने से आते संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी जर्मन सिंह के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल (आलाकत्ल) बरामद किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन के बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है। ईएमएस