क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


गुमला(ईएमएस)।गुमला सदर थाना के करौंदी नायक टोली निवासी संजू नायक के 22 वर्षीय पुत्र राकेश नायक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रेमिका से फोन पर विवाद के बाद युवक ने अपनी जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है।घटना वाले दिन राकेश अपने भाई जय नायक, देवराम नायक के साथ कमरे में सोया हुआ था।इसके बाद बुधवार की आधी रात को अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। सुबह जब उसकी मां सीतामुनी देवी पूजा करने के लिये उठी तो बेटे को फंदे में झूलता पाया। घर के अन्य परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन फानन में शव को फंदे से उतारकर सदर अस्पताल गुमला इलाज के लिये पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गयी। गुरुवार की सुबह सदर थाना के एसआइ विनय कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने सदर अस्पताल गुमला में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।मृतक के परिजन रोशन नायक ने बताया कि राकेश लगभग दो वर्ष पूर्व फुआ पूजा देवी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने नेतरहाट गया था।वहीं उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम में बदल गयी और वे अक्सर फोन पर बातचीत किया करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते से घरवाले भी राजी थे। बुधवार रात को भी राकेश की उस युवती से फोन पर काफी देर बातचीत हुई थी।लेकिन बातचीत के दौरान ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गयी।आशंका जतायी जा रही है कि इसी विवाद और मानसिक तनाव के कारण राकेश ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगा ली।सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। एसआइ विनय कुमार महतो ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया गया है और पुलिस प्रेम-प्रसंग सहित अन्य सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है।युवक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी मामले की सच्चाई का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।मृतक राकेश नायक के पिता संजू नायक ने कहा कि बेटे के विवाह के लिये हम सभी राजी थे।किसी मानसिक दबाव में ही मेरे बेटे ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मामले की सत्यता के लिये कॉल रिकार्ड की जांच अनिवार्य है।उन्होंने प्रेमिका के नाम पर थाने में एफआइआर दर्ज कराने की भी बात कही। कर्मवीर सिंह/23अप्रैल/26