- नर्मदा तटों पर स्नान दान के साथ धार्मिक आयोजन जबलपुर (ईएमएस)। नर्मदा भक्तों के लिए गुरुवार का दिन हर्षित करने वाला दिन रहा क्योंकि गंगा सप्तमी पर मां गंगा, नर्मदा जी से मिलने के लिए आईं और इस मिलन के योग में नर्मदा तटों में लोगों ने स्नान, पुण्य दान कर अपने जीवन को धन्य किया। इस मौके पर सुबह से ही गौरीघाट, उमाघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट में स्नानार्थियों का मेला लगा रहा। नर्मदा तटों पर विभिन्न धार्मिक आयोजन भी हुये। गौरतलब है कि वर्ष में दो बार मां गंगा अपनी बहन नर्मदा जी से मिलने के लिए आती हैं। पहला गंगा सप्तमी और दूसरा गंगा दशहरा को। इसके लिए नर्मदा तट में विशेष तौर पर श्रद्धालु मां नर्मदा और मां गंगा का पूजन करने के लिए पहुचंते हैं। गुरुवार को नर्मदा पावन तट का नजारा ही अलग था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। सबसे पहले भक्तों ने स्नान किया, नर्मदाष्टक का पाठ किया उसके पश्चात मां रेवा की आरती की। इस दौरान हर तरफ नर्मदे हर-हर का जयघोष गूंज रहा था। - 23 अप्रैल 2026/ 05.38