क्षेत्रीय
23-Apr-2026


मण्डला (ईएमएस)। नारायणगंज जल संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम टिकरिया में हनुमान मंदिर के पास जल प्याऊ मंदिर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही थाना टिकरिया के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने सामाजिक पहल की सराहना की। कार्यक्रम में CMCLDP के छात्र-छात्राओं, मेंटर परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल के महत्व एवं संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि आने वाले समय में जल संकट से बचने के लिए अभी से जागरूक होना बेहद जरूरी है। यह आयोजन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक श्री संतोष झरिया के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। उनके नेतृत्व में इस प्रकार के जनहितकारी कार्य लगातार किए जा रहे हैं, जिन्हें ग्रामीणों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। जन अभियान परिषद नारायणगंज के परामर्शदाताओं द्वारा विभिन्न ग्रामों में जल प्याऊ मंदिर स्थापित कर जल संरक्षण के प्रति एक नई जागरूकता पैदा की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश फैल रहा है। ईएमएस / 23/04/2026