आदिवासी अंचल मंडला-डिंडोरी को मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी, नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर के लिए उठी मांग मण्डला (ईएमएस)। महाकौशल और आदिवासी बाहुल्य अंचल के विकास को नई गति देने के लिए प्रस्तावित पेंड्रा रोड–अमरकंटक–डिंडोरी–मंडला–गोटेगांव रेल लाइन को नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। स्वतंत्र रेल कार्यकर्ता नितिन सोलंकी ने मध्य प्रदेश की राज्यसभा सांसद माया नारोलिया से दूरभाष पर इस विषय में महत्वपूर्ण चर्चा की और परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव साझा किया। बताया गया कि चर्चा के दौरान सांसद माया नारोलिया ने इस रेल परियोजना को राज्यसभा में उठाने और इसे प्राथमिकता दिलाने को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे इस विषय को गंभीरता से केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष रखेंगी। सांसद के आग्रह पर परियोजना की तकनीकी जानकारी और प्रस्ताव उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से भी उपलब्ध करा दिया गया है। रेल कार्यकर्ता नितिन सोलंकी ने बताया कि इस परियोजना का आरईसीटी सर्वे वर्ष 2012-13 में ही स्वीकृत हो गया था, जिसकी अंतिम रिपोर्ट 28 जुलाई 2015 को रेलवे बोर्ड को सौंपी जा चुकी है। लगभग 406 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन की अनुमानित लागत 4395.85 करोड़ रुपए आंकी गई है। सुखद बात यह है कि इस परियोजना का रिटर्न रेट भी सकारात्मक है, जो इसके निर्माण की संभावनाओं को प्रबल बनाता है। विकास के खुलेंगे नए द्वार यह कॉरिडोर अमरकंटक नर्मदा उद्गम, झोतेश्वर धाम, कान्हा नेशनल पार्क, अचनकमर, पेंच नेशनल पार्क और जीवाश्म पार्क घुघुआ जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को एक सूत्र में पिरोएगा। इसके साथ ही आर्थिक मजबूती मिलेगी। जिससे नरसिंहपुर का गन्ना और तुअर उत्पादन सीधे छत्तीसगढ़ और मंडला-डिंडोरी के बाजारों तक पहुंच सकेगा। इससे व्यापार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भारी प्रोत्साहन मिलेगा। यह कॉरिडोर गोटेगांव को पेंड्रा रोड से जोड़कर बिलासपुर-हावड़ा मुख्य लाइन से कनेक्ट करेगा, जिससे दिल्ली और कोलकाता की सीधी कनेक्टिविटी सुलभ होगी। मंडला और डिंडोरी जैसे जिलों को मुख्यधारा से जोड़कर वहां शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे का विकास संभव होगा। प्रमुख मांग क्षेत्र की जनता और रेल कार्यकर्ताओं का आग्रह है कि चूंकि आरईसीटी सर्वे पहले ही पूरा हो चुका है, इसलिए अब रेलवे बोर्ड द्वारा तत्काल फाइनल लोकेशन सर्वे की स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। ईएमएस / 23/04/2026