:: अभय प्रशाल में केक काटकर मनाई खुशियां, मिनी टेबल टेनिस रहा आकर्षण का केंद्र :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन द्वारा गुरुवार को विश्व टेबल टेनिस दिवस के अवसर पर खेल की राजधानी इंदौर में उत्साह का संचार देखा गया। स्थानीय अभय प्रशाल में आयोजित इस खास समारोह में सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सामूहिक रूप से आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर अपनी खुशियों का इजहार किया। यह नजारा खेल भावना और एकता का प्रतीक बनकर उभरा। इस विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए अभय प्रशाल परिसर में केक काटा गया। संगठन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर विश्व टेबल टेनिस दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त तालमेल और उत्साह देखने को मिला। समारोह का मुख्य आकर्षण वहां प्रदर्शित की गई एक मिनी टेबल रही। नियमित टेबल की तुलना में बेहद छोटी इस मेज पर हाथ आजमाने के लिए खिलाड़ियों में होड़ मची रही। नन्हे शटलरों से लेकर वरिष्ठ सदस्यों ने इस पर खेल का भरपूर लुत्फ उठाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी, जयेश आचार्य, रिंकू आचार्य और प्रमोद गंगराड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ही नीलेश वेद, अमित कोटिया, गौरव पटेल तथा प्रतीक जैन ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इंदौर में टेबल टेनिस की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया। प्रकाश/23 अप्रैल 2026