खेल
23-Apr-2026
...


:: मेजबान मप्र के खिलाड़ियों का दबदबा, आज शाम 4 बजे से होंगे खिताबी मुकाबले :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में मेजबान मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए फाइनल में जगह पक्की की। बालक वर्ग के 12 वर्ष आयु समूह के खिताबी मुकाबले में ओजस मिश्रा और अद्वीथ भार्गव के बीच भिड़ंत तय हुई है, जबकि बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की लावण्या शर्मा का सामना गुजरात की आरना खत्री से होगा। अंडर-12 बालक एकल के पहले सेमीफाइनल में ओजस मिश्रा ने अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए रेयांश पटेल को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से पराजित किया। इसी वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में अद्वीथ भार्गव ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन किया और महाराष्ट्र के विहान देवधर की चुनौती को एकतरफा मुकाबले में 6-2, 6-1 से ध्वस्त कर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, बालिका एकल सेमीफाइनल में लावण्या शर्मा ने दीविना धूपर को कड़े संघर्ष के बाद 6-4, 6-2 से मात दी। दूसरे सेमीफाइनल में गुजरात की आरना खत्री ने प्रिशा शर्मा के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए 6-2, 6-0 से आसान जीत दर्ज कर खिताबी दौड़ में प्रवेश किया। युगल वर्ग के मुकाबलों में भी रोमांच अपने चरम पर रहा। बालक युगल सेमीफाइनल में ओजस मिश्रा और अद्वीथ भार्गव की जोड़ी ने विहान देवधर व कियान बंसल को 7-5, 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। एक अन्य संघर्षपूर्ण मैच में रेयांश पटेल और अयांश संवत्सर ने अयांश सोनी व अर्जुन बिंद्रा को कड़े मुकाबले में 7-6(5), 6-4 से शिकस्त दी। बालिका युगल में दीविना धूपर व साम्भवी सिंह की जोड़ी ने वीरा सेठी व सायेशा दशोरा को 6-2, 6-0 से हराया, जबकि आरना खत्री और प्रिशा शर्मा की जोड़ी ने इदिवा धाकड़ व रीत सोनी को 6-3, 6-4 से पराजित कर फाइनल का रास्ता साफ किया। स्पर्धा के सभी निर्णायक मुकाबले गुरुवार शाम 4:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश/23 अप्रैल 2026