खेल
23-Apr-2026


:: अनिका ने अंडर-11 और 13 वर्ग की ट्रॉफी पर किया कब्जा, मित और मृदुल फाइनल में :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित सत्र की पहली जिला रैंकिंग स्पर्धा में शहर के उभरते सितारों ने अपनी चमक बिखेरी। अभय प्रशाल में खेले गए रोमांचक मुकाबलों के बीच अनिका माहेश्वरी सबसे सफल खिलाड़ी बनकर उभरीं। अनिका ने अपनी चपलता और आक्रामक खेल के दम पर अंडर-11 और अंडर-13 दोनों वर्गों के खिताब जीतकर डबल क्राउन अपने नाम किया। वहीं, बालक वर्ग में कियान इंगले और पुण्यांश जैन ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबलों में अनिका माहेश्वरी का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। उन्होंने अंडर-11 आयु वर्ग के खिताबी संघर्ष में भव्याशी सोनी को 3-1 से हराकर सत्र की पहली ट्रॉफी जीती। इसी लय को बरकरार रखते हुए अनिका ने अंडर-13 वर्ग के फाइनल में भी सान्वी सिंघल को 3-1 से शिकस्त देकर दोहरी उपलब्धि अपने खाते में डाली। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबलों में कियान और पुण्यांश का एकतरफा दबदबा रहा। अंडर-11 वर्ग के निर्णायक मैच में कियान इंगले ने सटीक सर्विस और बेहतरीन स्मैश के सहारे अबीर सोनगरा को सीधे सेटों में 3-0 से मात देकर खिताब चूमा। वहीं, अंडर-13 वर्ग के शिखर मुकाबले में पुण्यांश जैन ने आरव कासट को कोई मौका नहीं दिया और 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की। स्पर्धा के अंडर-15 वर्ग में अब सबकी नजरें खिताबी भिड़ंत पर टिकी हैं। बालक वर्ग के सेमीफाइनल में मित मीमरोट ने साकार भार्गव को कड़े संघर्ष में 3-2 से और मृदुल पुरोहित ने रक्षित चावड़ा को 3-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। बालिका वर्ग में सिद्दिक्षा जैन ने अनिका माहेश्वरी के विजयी रथ को 3-1 से रोकते हुए और सान्वी सिंघल ने आरवी जैन को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पूर्व क्वार्टर फाइनल में स्नेहल नाहर, सिद्धि भदौरिया और अथर्व जैन के खेल को भी सराहा गया। प्रकाश/23 अप्रैल 2026