:: दो गेम से पिछड़ने के बाद प्रियांशु ने पलटा पासा, ऋत्विक ने बरकरार रखा अपना खिताब :: देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित 87वीं इंटर-स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में असम के प्रियांशु भट्टाचार्य और जम्मू-कश्मीर के ऋत्विक गुप्ता ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। प्रियांशु ने अंडर-19 बालक वर्ग में यादगार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऋत्विक अंडर-17 वर्ग में लगातार दूसरी बार नेशनल चैंपियन बने। अंडर-19 बालक एकल के फाइनल में असम के प्रियांशु भट्टाचार्य ने तमिलनाडु के पी.बी. अभिनंद को 4-2 (8-11, 9-11, 11-8, 11-4, 11-8, 11-8) से शिकस्त दी। एक समय अभिनंद 2-0 की बढ़त के साथ खिताबी हैट्रिक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन प्रियांशु ने धैर्य नहीं खोया और लगातार चार गेम जीतकर पहली बार नेशनल क्राउन अपने नाम किया। इससे पूर्व प्रियांशु ने सेमीफाइनल में तमिलनाडु के ही बी. बालमुरुगन को सात गेमों के कड़े संघर्ष में हराया था। :: ऋत्विक गुप्ता की बादशाहत बरकरार :: अंडर-17 बालक एकल के खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर के ऋत्विक गुप्ता और ओडिशा के सार्थक आर्य के बीच सात गेमों तक रोमांचक जंग चली। ऋत्विक ने निर्णायक क्षणों में शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए सार्थक को 4-3 (11-8, 5-11, 9-11, 11-8, 6-11, 11-8, 11-7) से पराजित कर लगातार दूसरा राष्ट्रीय खिताब जीता। ऋत्विक ने सेमीफाइनल में पीएसपीबीए के साहिल रावत को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। :: डबल्स में तमिलनाडु और पीएसपीबीए का दबदबा :: अंडर-19 डबल्स का फाइनल पूरी तरह तमिलनाडु के नाम रहा, जहां पी.बी. अभिनंद और एम.आर. बालमुरुगन की जोड़ी ने एस.के. मेहान और उमेश कुमार को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अंडर-17 डबल्स में पीएसपीबीए (PSPBA) के साहिल रावत और धैर्य रावत की जोड़ी ने अपनी ही अकादमी के त्रिशाल राज कुमार और ऋषिकेश जगताप को पांच गेमों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-2 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी उठाई। प्रकाश/23 अप्रैल 2026