ज़रा हटके
24-Apr-2026
...


-शादी के बाद नहीं कराई विदाई, परिवार मांग रहा न्याय मिर्जापुर,(ईएमएस)। यूपी के मिर्जापुर जनपद में पिपरा डाड की रहने वाली युवती की छह महीने पहले वाराणसी कटका के रहने वाले युवक से शादी तय हुई और 20 अप्रैल को विवाह की तारीख निकली थी, लेकिन शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा घर से फरार हो गया। दूल्हे के पिता ने इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को दी कि उनका बेटा लापता हो गया है। इसके बाद दूल्हे के पिता ने अपने दूसरे बेटे से लड़की की शादी कराने की बात कही, लेकिन शादी के दिन वह लड़का बीमार हो गया। वहीं तीसरा बेटा शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। स्थिति तब और विकट हो गई जब दूल्हे के पिता ने चौथे लड़के के साथ शादी तो करवा दी, लेकिन शादी के बाद बिना विदाई कराए ही बारात वापस लौट गई। जहां शादी के बाद भी युवती की विदाई नहीं हो पाई। चारों लड़के सगे भाई थे। मीडिया रिपोर्ट में परिजनों के मुताबिक लड़का पक्ष अब पहले वाले लड़के को खोजकर उसके साथ विदाई कराने की बात कर रहा हैं। पीड़िता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। इस पूरे घटनाक्रम से आहत युवती के माता-पिता और भाई अब न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित दुल्हन का कहना है कि 6 महीने पहले मेरी शादी लगी थी लड़का भाग गया उसके घर वाले छोटे बेटे से शादी कराने के लिए राजी हुए, वह बीमार पड़ गया, तीसरा बेटा तैयार नहीं हुआ तो चौथे बेटे से शादी हुई मगर वह विदाई करके नहीं ले गया। अब लड़का पक्ष के घरवाले कह रहे हैं कि लड़के को ढूंढ लेंगे उसी के साथ विदाई करेंगे तब ले जाएंगे अपने घर। दुल्हन की मां ने कहा हमारी लड़की के साथ न्याय कीजिए, जिसके साथ शादी हुई है उसी के साथ हमारी लड़की जाए। सिराज/ईएमएस 24अप्रैल26