खेल
24-Apr-2026


ढा़का (ईएमएस)। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में नहीं खेल पायेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने उन्हें पीएसएल में खेलने के लिए दिया हुआ नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) वापस ले लिया है। मुस्तफिजुर ने आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद पीएसएल लीग में लाहौर कलंदर्स के साथ करार किया था पर अब वह पीएसएल 2026 के बचे हुए सत्र में नहीं खेल पायेंगे। बीसीबी ने मुस्तफिजुर के मेडिकल ग्राउंड पर पीएसएल में खेलने के लिए जारी किए गए एनओसी को वापस ले लिया है। यह फैसला न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय के बाद उनकी चिकित्सकीय समीक्षा के आधार पर लिया गया। बीसीबी ने अपने एक बयान में कहा, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय के समापन के बाद टीम के चिकित्सा स्टाफ ने राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की स्थिति की समीक्षा की है। आगे की जांच के लिए उनका तत्काल स्कैन कराया जाएगा, जिसके बाद वे बीसीबी मेडिकल टीम की देखरेख में पुनर्वास कार्यक्रम शुरू करेंगे। बोर्ड ने कहा, मुस्तफिजुर को पूर्व में जारी एनओसी वापस ले लिया गया है। इसलिए वे पीएसएल 2026 के शेष मुकाबलों में भाग नहीं ले पाएंगे। इस बीच बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 अप्रैल से शुरू हो रही टी20 सीरीज में शुरुआती दो मैचों के लिए दल की घोषणा कर दी है। सीरीज के लिए मुस्तफिजुर रहमान, तस्किन अहमद और नाहिद राणा जैसे सीनियर तेज गेंदबाजों को आराम दिया गया है और उनकी जगह नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। ऑलराउंडर अब्दुल गफ्फार सकलैन को पहली बार राष्ट्रीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। सकलैन के अलावा युवा तेज गेंदबाज रिपोन मंडल को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है। ईएमएस 24 अप्रैल 2026