खेल
24-Apr-2026
...


:: रोमांचक फाइनल में सोनी सुपर किंग्स को दी मात; ऑक्शन के जरिए चुनी गई थीं टीमें :: इंदौर (ईएमएस)। माहेश्वरी मीत एवं सह-आयोजक बिजासन क्षेत्र माहेश्वरी युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में मध्य प्रदेश में पहली बार आयोजित इंदौर माहेश्वरी लेदर चैंपियनशिप (आईएमएलसी) सीजन-1 का भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में ईसीसी माहेश्वरी ने एक बेहद रोमांचक और कशमकश भरे मैच में सोनी सुपर किंग्स को पराजित कर प्रथम सीजन की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम की। खेल भावना और समाज की एकजुटता का प्रतीक बनी इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता ने अंतिम दिन तक रोमांच का स्तर बनाए रखा। आयोजन समिति के नीरज जाखेटिया, निशित बियानी, अम्बर माहेश्वरी, आदित्य माहेश्वरी और मंगलेश राठी ने बताया कि इस प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के लिए आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन प्रक्रिया अपनाई गई थी। देशभर से आए 18 से 50 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों के लिए चार टीमों- ईसीसी माहेश्वरी, सोनी सुपर किंग्स, एमएनवाईसी मेवरिक्स और कलर चैंपियंस ने बोली लगाकर अपने स्कॉड तैयार किए थे। लेदर बॉल से खेले गए इस टूर्नामेंट में युवाओं के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों ने भी अपना दमखम दिखाया। :: प्रखर गादीया बने मैन ऑफ द सीरीज :: प्रतियोगिता के समापन अवसर पर व्यक्तिगत श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। भीलवाड़ा के प्रखर गादीया ने अपने शानदार खेल के बूते मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन के दोनों प्रमुख खिताब अपने नाम किए। वहीं, नासिक के यश विशाल जाजू को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर चुना गया। फील्डिंग के क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ के विकास दाढ़ ने अपनी फुर्ती से बेस्ट फील्डर का पुरस्कार हासिल किया। आयोजन समिति के नीरज जाखेटिया ने कहा कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से समाज के युवाओं और वरिष्ठ जनों को एक सूत्र में पिरोना था। मध्य प्रदेश में पहली बार हुए इस तरह के प्रयोग को देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी से सफल बनाया। समापन समारोह में समाज के वरिष्ठ जनों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। शहर के खेल प्रेमियों ने भी इस अनूठे आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रकाश/24 अप्रैल 2026