:: इंदौर टेनिस क्लब में संपन्न हुई ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज; मेजबान मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का रहा दबदबा :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का शुक्रवार को शानदार समापन हुआ। खिताबी मुकाबलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों के एकल खिताब अपने नाम किए। बालक वर्ग (12 वर्ष) के फाइनल में ओजस मिश्रा ने और बालिका वर्ग में लावण्या शर्मा ने खिताबी जीत दर्ज की। अंडर-12 बालक एकल फाइनल बेहद रोमांचक और कशमकश भरा रहा। मध्य प्रदेश के ही दो खिलाड़ियों ओजस मिश्रा और अद्वैथ भार्गव के बीच हुए इस मुकाबले में ओजस ने पहला सेट 2-6 से हारने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने दूसरा सेट टाइब्रेकर में 7-6 (1) से जीतकर मैच को बराबरी पर ला दिया और फिर निर्णायक सेट में 6-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। ओजस ने युगल वर्ग में भी अद्वैथ भार्गव के साथ जोड़ी बनाकर रेयांश पटेल और अयांश संवत्सर को 6-4, 6-3 से हराकर दोहरी सफलता हासिल की। अंडर-12 बालिका एकल फाइनल में मध्य प्रदेश की लावण्या शर्मा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने गुजरात की आरना खत्री को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, बालिका युगल वर्ग का फाइनल भी रोमांचक रहा, जिसमें दीविना धूपर और साम्भवी सिंह की जोड़ी ने आरना खत्री और प्रिशा शर्मा को 2-6, 6-1, 10-6 से हराकर जीत दर्ज की। स्पर्धा के समापन समारोह में गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक गोपाल अग्रवाल, न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल के निदेशक गोपाल मारवाल और मध्य प्रदेश टेनिस संघ के संयुक्त सचिव अर्जुन धूपर अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर प्रोत्साहित किया। समारोह का संचालन इरफान अहमद ने किया। इस अवसर पर टेनिस संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। प्रकाश/24 अप्रैल 2026