:: अभय प्रशाल में जारी है सत्र की पहली रैंकिंग स्पर्धा; अंडर-19 के फाइनल मुकाबले आज :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में अभय प्रशाल में आयोजित सत्र की प्रथम जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा के दूसरे दिन मृदुल पुरोहित का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला। मृदुल ने शानदार खेल दिखाते हुए 15 वर्ष एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के दोनों खिताब अपने नाम कर दोहरी सफलता अर्जित की। वहीं, बालिका वर्ग में भी कड़े मुकाबलों के बीच अंडर-15 में सिद्धिदा जैन और अंडर-17 में नेहल नाहर चैंपियन बनीं। स्पर्धा के शेष वर्गों के फाइनल मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबलों में मृदुल पुरोहित ने अपनी तकनीक और चपलता का लोहा मनवाया। उन्होंने अंडर-15 आयु वर्ग के खिताबी मुकाबले में मित मिरोट को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित किया। इसके तुरंत बाद बालक अंडर-17 वर्ग के फाइनल में मृदुल ने साकार भार्गव के विरुद्ध कड़ा संघर्ष करते हुए 3-1 से जीत दर्ज कर दूसरा स्वर्ण पदक झटक लिया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में मृदुल ने लक्ष्य भार्गव को 3-0 से और साकार भार्गव ने रक्षित चौकसे को 3-2 से हराकर फाइनल का सफर तय किया था। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबलों में भी रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। अंडर-15 आयु वर्ग में सिद्धिदा जैन ने सान्वी सिंघल की चुनौती को 3-1 से ध्वस्त कर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग में नेहल नाहर ने आरवी जैन को 3-1 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले सेमीफाइनल में आरवी जैन ने सिद्धी भदौरिया को 3-1 से और नेहल नाहर ने सिद्धिदा जैन को 3-0 से पराजित किया था। स्पर्धा के अंडर-19 वर्ग की स्थिति भी स्पष्ट हो गई है। बालक सेमीफाइनल में लक्ष्य भार्गव ने सार्थक खरे को 3-1 से और मृदुल पुरोहित ने मित मिरोट को 3-1 से हराकर खिताबी भिड़ंत पक्की की। इसी तरह बालिका अंडर-19 वर्ग के अंतिम चार के मुकाबलों में नेहल नाहर ने आरवी जैन को 3-2 से मात दी, जबकि भाग्यश्री दवे ने सान्वी सिंघल को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इन वर्गों के विजेताओं का फैसला शनिवार को होने वाले अंतिम मुकाबलों से होगा। प्रकाश/24 अप्रैल 2026