शाजापुर (ईएमएस)। गर्मी के दिनों में आगजनी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। इसी बीच शहर के व्यस्त इलाके धोबी चौराहा स्थित पटेल गार्डन में अचानक आग भड़कने से हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नही हुई। हालांकि, इस अग्निकांड में गार्डन में रखा टेंट का भारी सामान और दर्जनों कुर्सियां जलकर राख हो गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में आग फैलने का खतरा टल गया। जानकारी के अनुसार, पटेल गार्डन में शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अचानक धुएं का गुबार उठता देखा गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। बीच शहर में आग की लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख आसपास मौजूद जागरूक नागरिकों ने तुरंत पुलिस की डायल 112 सेवा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की एफआरवी टीम चंद मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम में शामिल पायलट विजय नागोर और आरक्षक रवि केलकर ने बिना समय गंवाए स्थिति का जायजा लिया और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर किया। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना पर दमकल की दो गाडि़यां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया। शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है कारण पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। फिलहाल गार्डन संचालक के साथ मिलकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। ईएमएस / 24/04/2026