क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


ग्रीन ग्रास व जल संरक्षण पर विशेष जोर नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को जिले के विकासखंड सांईखेड़ा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गरधा एवं ग्राम पंचायत निवारी में संचालित गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम गरधा में कलेक्टर ने गौशाला परिसर के आसपास उपलब्ध खाली भूमि का समुचित उपयोग करते हुए ग्रीन ग्रास (हरा चारा) विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे गौवंश को पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार मिल सके। उन्होंने भूसा भंडारण की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया और इसे निरंतर बनाए रखने को कहा। ग्राम निवारी में कलेक्टर ने गौशाला के आसपास खाली पड़ी भूमि का उपयोग जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण करने पर जोर दिया। साथ ही यहां भी ग्रीन ग्रास विकसित कर चारे की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चारा उत्पादन एवं जल संरक्षण जैसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर ने गौशालाओं के संचालन की सराहना की। यहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी प्रकार नियमित निगरानी एवं समुचित प्रबंधन बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, एसडीएम श्रीमती कलावती व्यारे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026