क्षेत्रीय
24-Apr-2026


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में शुक्रवार को जनपद पंचायत साईंखेड़ा में सरपंच, सचिव एवं जीआरएस की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने जलगंगा संवर्धन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने वर्षा जल को संरक्षित करने के लिए सभी पंचायतों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि वर्षा जल का अधिकतम जल संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को ठोस एवं परिणाममुखी कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि पंचायत स्तर पर सोख्ता गड्ढा, खेत-तालाब, ट्रेंच निर्माण तथा बोरी बंधान जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। साथ ही इन कार्यों में अधिक से अधिक जनसहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके। कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पंचायतें आज से ही 50- 50 जल संरक्षण संबंधी गतिविधियां करें और माह मई तक कार्य पूर्ण करें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान ग्राम पंचायत पलोहाबड़ा के सचिव श्री मिथलेश खरे को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में अधूरे पड़े वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों को तीन दिवस के भीतर पूर्ण करें, अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं रिकव्हरी की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जनपद साईंखेड़ा अंतर्गत 16 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामों में निजी एवं शासकीय भवनों में अधिक से अधिक वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं निर्मित की जाएं तथा वॉटर रिचार्जिंग के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि हैंडपंपों के पास सोख्ता गड्ढे का निर्माण किया जाए, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि हो सके। इसके अलावा अनुपयोगी पड़े पुराने बोरवेल एवं कुओं को पुनर्जीवित करने के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा जल इन स्रोतों तक पहुंचकर उनका रीचार्ज कर सके। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने स्पष्ट किया कि जल संरक्षण के इन प्रयासों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने भी बैठक में आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित की जाए। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026