क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को नर्मदा घाटी विकास विभाग की निर्माणाधीन चिनकी-बोरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय परियोजना अंतर्गत बोरास-बराज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बराज के तकनीकी पहलुओं जैसे शीट पाइल, डायफ्राम वॉल एवं राफ्ट फाउंडेशन पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही निर्माण स्थल पर चल रहे पियर निर्माण, वर्टिकल गेट एवं डेक स्लैब कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने परियोजनांतर्गत प्रस्तावित 5 मेगावाट पावर हाउस एवं रेस्ट हाउस के निर्माण स्थलों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि इस परियोजना से तेंदूखेड़ा विकासखंड की लगभग 41 हजार 100 हेक्टर भूमि सिंचित होगी, जिससे क्षेत्र के कृषकों को महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्रीमती कलावती व्यारे, कार्यपालन यंत्री रानी अवंती बाई लोधी सागर नहर संभाग नरसिंहपुर, समस्त सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद थे। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026