नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड सांईखेड़ा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बोदरी एवं निवारी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम बोदरी में निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण किया और तालाब की बांध को व्यवस्थित एवं मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्हें अवगत कराया कि यहां दो तालाबों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से तालाबों का शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। इसी क्रम में ग्राम निवारी स्थित पंचायत भवन में निर्मित वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बोदरी पंचायत में सचिव व जीआरएस के निहित कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव श्री बलराम कौरव एवं जीआरएस श्री रामपाल यादव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एक बगिया मां के नाम परियोजना का किया निरीक्षण कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम पंचायत बोदरी में स्वसहायता समूह के द्वारा संचालित एक बगिया मां के नाम परियोजना के अंतर्गत लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से पौधों की प्रजातियों एवं देखभाल की जानकारी ली तथा पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग (घेराबंदी) करने के निर्देश दिए, जिससे पौधे सुरक्षित रह सकें और उनका समुचित विकास हो। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026