ग्वालियर ( ईएमएस ) | कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा शुक्रवार को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, श्रम विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संबल योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक नवीन पंजीयन कराने पर विशेष जोर दिया । उन्होंने निर्देश दिए कि श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा चलाई जा रही प्रमुख योजनाओं जैसे सुपर 5000, ई-स्कूटी अनुदान योजना आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की और निर्देश दिए कि हितग्राहियों के पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने हेतु शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए श्रमिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।