दमोह (ईएमएस)। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा ओएमआर पद्धति से दो सत्रों में आयोजित होगी- प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 2:15 बजे से 4:15 बजे तक रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए चार शैक्षणिक संस्थाओं को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है, जिनमें शासकीय पालीटेक्निक महाविद्यालय दमोह, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह तथा शासकीय ईएफए जे.पी.बी.क. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह शामिल हैं। कलेक्टर श्री यादव ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी से कहा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं सुचारू रूप से संपन्न कराई जाए। इसके लिए 26 अप्रैल को सुबह 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-चार की पुलिस गार्ड (कम से कम एक महिला पुलिसकर्मी सहित) तैनात की जाए। 26 अप्रैल को जिला कोषालय से परीक्षा सामग्री सुबह 7:30 बजे और दोपहर 12:30 बजे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए गठित दो अलग-अलग दलों के साथ एक-एक सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात किए जाए। परीक्षा समाप्ति के बाद गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रूप से इंदौर स्थित लोक सेवा आयोग कार्यालय भेजा जाएगा। इसके लिए शाम 06 बजे विशेष वाहन से सामग्री भेजने हेतु गठित दल के साथ एक-चार सशस्त्र पुलिस गार्ड की ड्यूटी जिला कोषालय में लगाई जाए। ईएमएस / 24/04/2026