क्षेत्रीय
24-Apr-2026


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रजनी सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त प्रशिक्षण गहनता से पूर्ण करें, अपनी शंकाओं का समाधान करें और समय सीमा में जनगणना का कार्य पूर्ण करें। जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ समय सीमा में पूर्ण किया जाना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ई-दक्ष केन्द्र नरसिंहपुर में आयोजित तीसरे चरण के तीन दिवसीय प्रगणक एवं सुपरवाइजर के जनगणना संबंधी प्रशिक्षण के कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। यहां तीन अलग-अलग बैचों में 150 प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण 6 मास्टर ट्रेनरों के द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारी अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी नागरिक द्वारा गणना के दौरान मना करते हैं, तो उन्हें समझाइश देते हुए जनगणना की गाइडलाइन एवं महत्व के बारे में अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सही एवं सटीक आंकड़े ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार होते हैं, इसलिए जनगणना के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026