क्षेत्रीय
24-Apr-2026


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को करेली- भुगवारा रोड स्थित उपार्जन केंद्र एवं राधारमण वेयरहाउस कौड़िया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान करेली-भुगवारा रोड स्थित उपार्जन केंद्र पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं राधारमण वेयरहाउस कौड़िया में व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों में खरीदी के दौरान किसान की उपज का एफएक्यू एवं नॉन-एफएक्यू के मानकों के अनुसार परीक्षण किया जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। समिति को निर्देशित किया कि केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने और अन्य समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही गेहूं की साफ-सफाई के लिए पंखा, ग्रेडर मशीन की उपलब्धता तथा बोरियों में टैग लगाने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। निरीक्षण के दौरान तौल-कांटे का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने सर्वेयरों को निर्देशित किया कि वे उपार्जन नीति के अनुसार ही कार्य करें, गुणवत्ता परीक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अभिलेखों का सही एवं सुव्यवस्थित संधारण किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री मेरावी/ 24 अप्रैल 2026