क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासपुर शहर में गैस सिलेंडर की कथित कमी के बीच मुनाफाखोरी का खतरनाक खेल सामने आया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देश पर शुक्रवार सुबह सरकंडा स्थित सीपत चौक में प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग के बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश किया। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मार्गदर्शन में एएफओ अजय मौर्य और विनीता दास के नेतृत्व में टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें 19 घरेलू (14.2 किलोग्राम) भरे व आंशिक भरे सिलेंडर और 35 छोटे (5 किलोग्राम) घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर शामिल हैं। क्या-क्या मिला मौके से..? जांच के दौरान टीम को 7 रिफिलिंग नोजल (बंशी), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी मिले, जिनका इस्तेमाल अवैध गैस भराई में किया जा रहा था। बिना अनुमति चल रहा था खतरनाक कारोबार प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि बिना किसी वैध अनुमति के सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर खुलेआम बिक्री की जा रही थी। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आसपास के लोगों की जान-माल को भी गंभीर खतरा था। तत्काल जब्ती और सुरक्षित हस्तांतरण कार्रवाई के दौरान जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित कर मौके से गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन के माध्यम से संबंधित एजेंसी को सौंप दिया गया। दूसरे प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई इसी दौरान विजय स्टील नामक दुकान से भी 2 घरेलू सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तौल मशीन जब्त की गई। प्रशासन की सख्त चेतावनी जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अफवाहों से रहें सावधान प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। ऐसे माहौल का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं। संदेश साफ है। गैस की कमी नहीं, बल्कि लालच की वजह से खतरा पैदा किया जा रहा है।और अब प्रशासन ऐसे हर नेटवर्क पर सख्ती से प्रहार करेगा। मनोज राज 25 अप्रैल 2026