क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


-एसपी कक्षों में जाकर छात्र-छात्राओं से किया संवाद, बोले— पारदर्शिता से संपन्न हो परीक्षा गुना (ईएमएस) ।मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार, 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी हितिका वासल, एडीएम अखिलेश ने जिला मुख्यालय पर बनाए गए 5 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। दो सत्रों में होगी परीक्षा, संभागीय पर्यवेक्षक तैनात आयोग के निर्देशानुसार यह परीक्षा ओएमआर पद्धति से दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक रहेगा। ग्वालियर संभाग के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शेखर वर्मा को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। कलेक्टर ने दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कन्याल ने केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पेयजल की उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि आयोजन पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित होना चाहिए, ताकि नकल या किसी अन्य अनियमितता की गुंजाइश न रहे। छात्रों के बीच पहुंचे कलेक्टर, बढ़ाया उत्साह निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल व्यवस्थाएं ही नहीं देखीं, बल्कि स्कूलों में चल रही कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय चर्चा भी की। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर संवाद किया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। -सीताराम नाटानी