नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में एक महिला पर पति द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोनिया विहार के ए-ब्लॉक की है, जहां 38 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जेपीसी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि फिलहाल उसका इलाज एम्स में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी महिला का पति है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ अप्रैल /2026