क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


- पुलिस कर रही हर एंगल से जांच ,बैंक मैनेजर की संदिग्ध मौत: विंध्याचल कॉलोनी में रहने वाली दिव्या मिश्रा ने खाया जहर, लव मैरिज के 3 साल बाद दी जान गुना (ईएमएस) । शहर की विंध्याचल कॉलोनी में रहने वाली एक बैंक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। एचडीएफसी बैंक में प्रोजेक्ट मैनेजर पद पर कार्यरत दिव्या मिश्रा (33) ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दिव्या मूल रूप से रीवा की रहने वाली थीं और अपने पति दीपेंद्र मिश्रा के साथ गुना में रह रही थीं। दोनों का विवाह करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। शुक्रवार शाम पति के घर लौटने पर दिव्या ने उन्हें कुछ सामान लेने बाजार भेजा। इसी दौरान पति ने फोन कर पूछा कि कुछ और लाना है या नहीं, तो दिव्या ने चौंकाने वाली बात कहते हुए बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनते ही पति तुरंत घर पहुंचा और उन्हें निजी अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज शुरू किया गया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण शनिवार सुबह करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां तहसीलदार की उपस्थिति में चिकित्सकों के पैनल ने पीएम किया। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार के विवाद की बात सामने नहीं आई है। ऐसे में यह कदम क्यों उठाया गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी रीवा से गुना पहुंच गए हैं। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि इस घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके। -सीताराम नाटानी