- सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को सुधारने में ढिलाई बर्दाश्त नहीं जबलपुर, (ईएमएस)। समग्र शिक्षा अभियान के तहत सेकेंडरी एजुकेशन, पीएम श्री और राज्य योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों के साथ ही भवनों के रखरखाव और लघु निर्माण कार्यों की संभागीय समीक्षा बैठक शनिवार को यहां जबलपुर में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के अपर संचालक मनीष वर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक के दौरान संभाग के सभी जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति और उनकी गुणवत्ता की समीक्षा की गई। अपर संचालक मनीष वर्मा ने संभाग के प्रत्येक जिले की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य है। बैठक में कार्यों की भौतिक प्रगति के साथ-साथ उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया। मनीष वर्मा ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार ही होने चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस समीक्षा बैठक में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के स्टेट प्रोग्रामर सुमनकांत जैन, सहायक संचालक अभिजीत पांडेय और हिमांशु शर्मा ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुए व्यय और भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट साझा की। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने निर्माण कार्यों से जुड़े जरूरी अभिलेख और सॉफ्ट कॉपी भी प्रस्तुत की ताकि पारदर्शिता बनी रहे। पाटन के स्कूलों का निरीक्षण............. समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले अपर संचालक मनीष वर्मा ने विकासखंड पाटन का दौरा किया। उन्होंने वहां पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुनसर और पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटन का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सुमनकांत जैन, अभिजीत पांडेय और हिमांशु शर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, मनोज कासिव और कृष्णकांत शर्मा उपस्थित थे। उन्होंने स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और वहां चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। निरीक्षण के समय मनीष वर्मा ने विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों से सीधा संवाद किया। बैठक में यह रहे मौजूद.......... बैठक में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग अरुण इंग्ले और जिला शिक्षा अधिकारी जबलपुर घनश्याम सोनी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा उप संचालक पीपी सिंह, आरएस ठाकुर, मनोज कासिव, पीयूष तिवारी सहित संभाग के समस्त जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एडीपीसी और एपीसी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को उनके क्षेत्र में चल रहे प्रोजेक्ट्स को लेकर जवाबदेही तय करने और समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सुनील साहू / मोनिका / 25 अप्रैल 2026