-पीएम मोदी से की मुलाकात, नीति आयोग में नई टीम का गठन नई दिल्ली,(ईएमएस)। नीति आयोग में नई नेतृत्व टीम की घोषणा के साथ वरिष्ठ अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जहां देश के विकास एजेंडे और नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। यहां बताते चलें कि अशोक लाहिड़ी भारत के अनुभवी अर्थशास्त्रियों में गिने जाते हैं। वे पूर्व में मुख्य आर्थिक सलाहकार रह चुके हैं और विश्व बैंक, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) तथा एशियाई विकास बैंक जैसी वैश्विक संस्थाओं में भी कार्य कर चुके हैं। चार दशकों से अधिक के उनके अनुभव को भारत की आर्थिक नीति निर्माण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नीति आयोग में एक अन्य अहम नियुक्ति के तहत प्रख्यात वैज्ञानिक गोबर्धन दास को सदस्य बनाया गया है। वे आणविक विज्ञान और प्रतिरक्षा विज्ञान के विशेषज्ञ हैं और संक्रामक रोगों व कोशिका जीव विज्ञान पर लंबे समय से शोध कर रहे हैं। डॉ. दास वर्तमान में आईआईएसईआर भोपाल के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे येल विश्वविद्यालय, ह्यूस्टन मेथोडिस्ट अस्पताल और दक्षिण अफ्रीका के विश्वविद्यालयों में भी शोध कार्य किया है। उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा है। डॉ. दास ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई पूरी की और बाद में विज्ञान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। सरकार के अनुसार, नीति आयोग की यह नई टीम आर्थिक विकास, विज्ञान और तकनीकी नवाचार को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन को आगे बढ़ाने में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 25अप्रैल26