-अयोध्या में मंदिर ट्रस्ट ने जारी की नई एडवाइजरी अयोध्या,(ईएमएस)। भीषण गर्मी और बढ़ती श्रद्धालु संख्या के बीच राम मंदिर अयोध्या में दर्शन व्यवस्था को ज्यादा सुगम बनाने के लिए ट्रस्ट ने नई एडवाइजरी जारी की है। ऑनलाइन दर्शन पास बुकिंग के फॉर्मेट में बदलाव किया गया है, जबकि समग्र व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं से भारतीय परिधान में दर्शन करने की अपील की गई है। गर्मी के कारण दर्शन के समय और भीड़ के पैटर्न में भी बदलाव किया गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन और ट्रस्ट दोनों स्तर पर व्यवस्थाएं लगातार अपडेट की जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भारतीय परिधान में मंदिर में प्रवेश करें। पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता या धोती-पजामा और महिलाओं के लिए साड़ी, पंजाबी ड्रेस या चूड़ीदार-दुपट्टा पहनने की सलाह दी गई है। हालांकि, इसे अनिवार्य नहीं किया गया है, लेकिन ट्रस्ट ने इसे धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा के अनुरूप बताया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर दर्शन पास बुकिंग के फॉर्मेट में बदलाव किया गया है। अब सामान्य दर्शन पास के साथ अन्य श्रेणियों के विकल्प भी दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को अपनी सुविधा के मुताबिक पास चुनने में आसानी होगी। ट्रस्ट के वरिष्ठ ट्रस्टी के मुताबिक सुगम और विशिष्ट दर्शन पास की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए भी पास जारी किए जा रहे हैं, जिससे वे रामलला और राम दरबार के साथ अन्य मंदिरों के दर्शन कर पा रहे हैं। चिलचिलाती धूप का असर अब मंदिर में दर्शन के समय पर भी साफ दिख रहा है। दोपहर के समय श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, जबकि सुबह और शाम के समय भारी भीड़ उमड़ रही है। बाहर से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि पहले टेढ़ी बाजार से वाहनों को रोक दिया जाता था, जिससे करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर तक पहुंचना पड़ता था। अब येलो जोन पास मिलने से वाहन मंदिर के पास तक छोड़ सकते हैं, जिससे गर्मी में काफी राहत मिली है। ट्रस्ट के मुताबिक सुगम दर्शन पास के सभी स्लॉट 8 मई तक पहले ही बुक हो चुके हैं। हालांकि, अधिक से अधिक लोगों को सुविधा देने के लिए दर्शन पास की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि आमजन को भी अधिक अवसर मिल सके। ट्रस्ट के मुताबिक परकोटा स्थित शिव मंदिर में 29 अप्रैल को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। सिराज/ईएमएस 25अप्रैल26 ---------------------------------