क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । आपदा प्रबंध संस्थान, भोपाल (गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन) के निर्देशानुसार एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ग्वालियर के तत्वावधान में मध्यप्रदेश में भूकंपूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत होमगार्ड परिसर, ग्वालियर में दो महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशालाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रथम चरण में दिनांक 17 अप्रैल से 21 अप्रैल 2025 तक ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव (कॉलेप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू सीएसएसआर) विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा ध्वस्त इमारतों में फँसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों, बचाव उपकरणों के उपयोग, खोज रणनीतियों एवं प्राथमिक चिकित्सा पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। द्वितीय चरण में दिनांक 20 अप्रैल से 24 अप्रैल 2025 तक भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन (अर्थक्वेक डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट) विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जिला ग्वालियर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पांस फोर्स) एवं होमगार्ड के अनुभवी अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को अत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के प्रमुख विषय कार्यशाला में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड अधिकारियों द्वारा निम्नलिखित विषयों पर महत्वपूर्ण व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किए गए - - ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव (कॉलेप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू सीएसएसआर) - प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट ऐड) एवं घायलों का परिवहन - भूकंप आपदा में क्या करें और क्या न करें (दोस एंड दोंट्स) - भूकंप से बचाव एवं पूर्व तैयारी समुदायों को जागरूक एवं तैयार करना - निकासी, राहत शिविर प्रबंधन एवं पुनर्वास - भूकंप प्रतिरोधी बुनियादी ढाँचा एवं मॉक ड्रिल का संचालन समापन समारोह कार्यशाला के अंतिम दिन समापन समारोह में अपर कलेक्टर श्रीमती बुमिजा सक्सेना एवं जिला सेनानी होमगार्ड द्वारा प्रतिभागियों को संबोधित किया गया। श्रीमती सक्सेना ने अपने उद्बोधन में इस प्रकार की कार्यशालाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारी एवं प्रशिक्षण ही सर्वोत्तम उपाय है। जिला सेनानी होमगार्ड ग्वालियर श्री आर०डी० सिहं ग्वालियर श्री आर०डी० सिहं ने भी कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से न केवल प्रतिभागी स्वयं सशक्त होंगे, बल्कि वे अपने- अपने विभागों एवं समुदायों में भी इस ज्ञान का प्रसार करेंगे। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। यह कार्यशाला अत्यंत फलदायी एवं उपयोगी सिद्ध हुई। प्रतिभागियों ने न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त किया, बल्कि व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आपदा प्रबंधन की कुशलता भी अर्जित की। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के 28 जिले भूकंपीय जोन ईई में आते हैं, जिससे प्रदेश में समय- समय पर भूकंपीय झटके महसूस किए जाते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आपदा प्रबंध संस्थान, भोपाल द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों में भूकंपूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। पाँच दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षण सब इंस्पेक्टर गोविंद शर्मा, कौशल शर्मा, सौरभ सिंह सिकरवार, धर्मेंद्र वर्मा, होमगार्ड के प्रशिक्षकों ने दिया कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी माधव महाविद्यालय, डॉ. रामनरेश बघेल, एन.सी.सी. अधिकारी मुलायम सिंह जादौन, डॉ. नीरज झा एम.एल.बी. कॉलेज अन्य अधिकारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे