- सर्वेयर की खुली लूट, 6000 तक वसूली; रिश्वत लेते वीडियो वायरल “माल रिजेक्ट करने की धमकी, फिर वसूली”: मसूर खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली का वीडियो वायरल, किसानों में आक्रोश गुना (ईएमएस) । जिले में समर्थन मूल्य पर हो रही खरीदी के बीच किसानों से अवैध वसूली के आरोपों ने गंभीर रूप ले लिया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित पगारा के अंतर्गत बेलोनिया वेयरहाउस स्थित मसूर खरीदी केंद्र पर किसानों से जबरन पैसे लेने का मामला सामने आया है। इस कथित वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है और किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। मामले में पूनमखेड़ी निवासी किसान सुरेन्द्र धाकड़ ने खुलकर आरोप लगाए हैं कि केंद्र पर पदस्थ सर्वेयर वीरेन्द्र यादव द्वारा हर ट्रॉली पर 2 हजार से लेकर 5-6 हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। किसान का कहना है कि यदि पैसे नहीं दिए जाएं तो माल को रिजेक्ट करने की धमकी दी जाती है, जबकि पैसे देने पर वही माल आसानी से पास कर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी उन्होंने बनाया है, जिसमें पैसे लेते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। सुरेन्द्र धाकड़ के अनुसार, उन्होंने खुद 65 क्विंटल मसूर बेचने के लिए करीब 3 हजार रुपए देने पड़े, तब जाकर उनका माल पास हुआ। उनका आरोप है कि यह केवल एक किसान की समस्या नहीं, बल्कि केंद्र पर आने वाले अधिकांश किसानों के साथ यही व्यवहार किया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक दबाव भी झेलना पड़ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद किसानों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। उनका कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का उद्देश्य किसानों को राहत देना है, लेकिन यहां उल्टा उनसे ही पैसे वसूले जा रहे हैं। इसे किसानों के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताया जा रहा है। किसानों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस तरह की अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। -सीताराम नाटानी