क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


लातेहार (ईएमएस)। जिले के बेतला नाका के समीप छोटे भाई के शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार बड़े भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक घायल गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सरयू प्रखंड के गणेशपुर, चटम निवासी नारायण तुरी के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान कमलेश तुरी और मनोज तुरी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। मृतक नारायण पुरी के छोटे भाई की 7 मई को शादी थी, जिसके निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए वे बरवाडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेतला नाका के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि नारायण पुरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायलों को पहले बरवाडीह उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए पलामू रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे हादसे में चोटें गंभीर हो गईं। - २५ अप्रैल /26