क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


- स्टेट प्रेस क्लब का आयोजन - जर्नी ऑफ अ जर्नलिस्ट मास्टर क्लास 2 मई को; नवागत पत्रकारों को मिलेगा मार्गदर्शन इंदौर (ईएमएस)। स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश द्वारा आगामी 2 मई को स्थानीय अभिनव कला समाज सभागार में जर्नी ऑफ अ जर्नलिस्ट विषय पर एक विशेष मास्टर क्लास का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल ज़ी न्यूज़, नई दिल्ली के एसोसिएट एडिटर और प्रख्यात न्यूज़ एंकर अनंत त्यागी नवागत पत्रकारों को संबोधित करेंगे। वे पत्रकारिता में सफलता की कहानी-वरिष्ठ पत्रकार की जुबानी सत्र के माध्यम से अपनी पेशेवर यात्रा के उतार-चढ़ाव और सफलता के मंत्र साझा करेंगे। स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को वर्तमान दौर की पत्रकारिता की चुनौतियों और संभावनाओं से रूबरू कराना है। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से फील्ड रिपोर्टर्स, वीडियो जर्नलिस्ट और मीडिया विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। आयोजन की गरिमा को बढ़ाते हुए सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को अतिथि के हाथों प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, सम्मिलित मीडियाकर्मियों के लिए दोपहर भोज की व्यवस्था भी रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी 30 अप्रैल तक अपना पंजीयन सुनिश्चित करा सकते हैं। यह आयोजन इंदौर के युवा पत्रकारों के लिए राष्ट्रीय स्तर के अनुभव से जुड़ने का एक सुनहरा अवसर है। प्रकाश/25 अप्रैल 2026