- आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग - सात दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर संगठन ने दी सीएम हाउस के घेराव की चेतावनी जाएगा। - पहचान छिपाकर छात्रा से की ज्यादती, गर्भवती होने पर किया शादी से इंकार भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के महिला थाना में 5 मार्च को दर्ज इंजीनियरिंग छात्रा के साथ कथित धोखाधड़ी, ज्यादती और धर्म परिवर्तन के दबाव के मामले में अब तक आरोपियो की गिरफ्तारी न होने पर पहली बार एक मुस्लिम संगठन ने पीड़िता के समर्थन में आते हुए उसे न्याय दिलाने के लिये आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोला है। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रकरण को शर्मनाक बताने के साथ ही आरोपियो की सात दिन में गिरफ्तारी की मांग करते हुए सीएम हाउस के घेराव की चेतावनी दी है। - पहचान छिपाकर बढ़ाई थी नजदीकियां, फिर की ज्यादती आईईएस यूनिवर्सिटी की छात्रा ने महिला थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है, कि उसकी साल 2023 में पहचान एक युवक से हुई थी। उसने अपना खुद का नाम “आशीष पांडे” बताया। दोस्ती के बाद नजदीकियां बढ़ाते हुए आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और जल्द शादी करने का वादा कर छात्रा का कई बार दैहिक शोषण किया। आरोप यह भी है कि आरोपी ने रिश्ते के दौरान उससे ऑनलाइन और नकद पैसे भी लिए। बाद में जब उसे जानकारी लगी की उसका असली नाम आसिफ रजा है। जब उसने शादी की बात की, तो आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। - गर्भवती होने पर दोस्तो के साथ घर जाकर धमकाया पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2026 में जब आरोपी को गर्भवती होने की बात बताई तब उसने अपने दो साथियों के साथ उसके घर आकर शादी करने से इनकार करते हुए उसे मार डालने की धमकी देते हुए धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। छात्रा के मना करने पर उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं। - गंभीर धाराओ में मामला दर्ज महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रथम दृष्टया मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 60, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3(1)(a) और 5 भी लगाई गई हैं, जो जबरन धर्म परिवर्तन और उससे जुड़े कृत्यों से संबंधित हैं। - 2 महीने बाद भी नहीं हो सकी आरोपी की गिरफ्तारी एक और जहॉ 5 मार्च 2026 को दर्ज एफआईआर के बावजूद करीब दो महीने बाद तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पीड़िता का कहना है, कि उसे अब भी धमकियां मिल रही हैं। - मुस्लिम संगठन ने कहा ‘हम शर्मिंदा हैं, बेटी के साथ खड़े हैं’ ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि एक छात्रा के साथ इस तरह की घटना पूरे प्रदेश के लिए शर्मनाक है। आरोपी ने जो कुछ किया, वह निंदनीय है। मुस्लिम संगठन ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। संगठन ने सवाल उठाया कि जब राजधानी में ही छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश में महिला सुरक्षा के दावे कैसे सही माने जाएं।