- कई पब्लिक प्लेस सहित 10 अहातो पर मारी रेड, 73 आरोपी गिरफ्तार - सड़क किनारे, ब्रिज के नीचे, रोड पर खड़े होकर पी रहे थे शराब - सीपी के निर्देश के बाद एक्शन मोड में आई पुलिस भोपाल(ईएमएस)। शहर की क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की टीमो ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए शहर के 10 अवैध अहातों सहित पब्लिक प्लेस पर अवैध रुप से शराब पीने वालो के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही की है। इस दौरान 73 शराबखोर आरोपियो को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवकारी एक्ट की कार्यवाही की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार द्वारा एक दिन पहले ही शराब अहातो का तय समय पर बंद कराने और सार्वजनिक स्थानो पर शराब पीने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये थे। इन निर्देशो के बाद क्राइम ब्रांच सहित पुलिस टीमो ने अभियान चलाते हुए हबीबगंज, जहांगीराबाद, टीटी नगर, एमपी नगर, मिसरोद, गोविंदपुरा शाहजहांनाबाद, हनुमानगंज, निशातपुरा, कोतवाली और चुनाभट्टी थाना इलाको में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की। विशेष अभियान के दौरान 5 पुलिस टीमों ने अहातो सहित सड़क किनारे, कई स्थानो पर ब्रिज के नीचे, शराब दुकानो के सामने रोड पर खड़े होकर शराब पी रहे 73 सुरा प्रेमियो को दबोचा। क्राइम ब्रांच एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया की शहर में अवैध रूप से संचालित अहातों, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालो के पर अंकुश लगाने के लिये विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देते हुए संदिग्ध स्थानों, अवैध रूप से संचालित अहातों, सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की गई। कार्यवाही के दौरान ऐसे कई स्थान सामने आये, जहां बिना अनुमति के शराब परोसी जा रही थी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से यहॉ मौजूद सुराप्रेमियो में अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ स्थानों पर अहातों का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था, जिनके संचालकों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 10 स्थानों पर दबिश देकर 73 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया जिनमें सभी आयु वर्ग के व्यक्ति शामिल हैं। जो सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अवैध अहाता संचालन एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। अवैध अहाता पर की गई कार्यवाही की संख्यात्मक जानकारी - किस थाने की टीम ने कितने शराबखोर दबोच अभियान के दौरान थाना टीटीनगर, कमलानगर और हबीबगंज टीम ने 17, थाना शाहजहांनाबाद और हनुमानगंज पुलिस टीमो ने 44, थाना कोतवाली, श्यामलाहिल्स टीम ने 4 और थाना चूनाभट्टी पुलिस टीम ने 8 शराबखोरो का गिरफ्तार किया है। जुनेद / 25 अप्रैल