कटनी(ईएमएस)। मप्र के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शुमार कटनी अब अपराधियों और अवैध वेंडरों का चारागाह बनता जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी की कथित निष्क्रियता का खामियाजा आम यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन (गाड़ी संख्या 11602/61620) का है, जहाँ अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के कटनी से रवाना होने के कुछ ही देर बाद रीठी स्टेशन के पास दमोह निवासी कुछ यात्रियों और सलैया के अवैध वेंडरों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते वेंडरों ने उग्र होकर धारदार वस्तुओं से यात्रियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामे के बीच जब ट्रेन बकलेहटा स्टेशन पहुँची, तो आक्रोशित यात्रियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर ट्रेन के इंजन में घुसने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी और तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। विनोद उपाध्याय / 25 अप्रैल, 2026