अंतर्राष्ट्रीय
25-Apr-2026


तेहरान (ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित सीजफायर को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच तेहरान से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। अमेरिका और इजरायल की ओर से 28 फरवरी को हमले शुरू होने के बाद ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं प्रभावित हो गई थीं। हमले के बाद पहली बार शनिवार सुबह तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से इस्तांबुल के लिए चार उड़ानों के संचालन की जानकारी सामने आई है। फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, ये सभी उड़ानें ईरानी एयरलाइंस द्वारा संचालित की गईं। ईरान की अर्द्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि घरेलू एयरलाइंस के प्रयासों से यात्रियों के पहले समूह को मदीना, मस्कट और इस्तांबुल रवाना किया गया। एजेंसी ने आने वाले दिनों में उड़ानों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई है, हालांकि यह सीजफायर की स्थिति पर निर्भर करेगा। वहीं, अमेरिकी मीडिया सीएनएन ने फ्लाइट डेटा के हवाले से दावा किया कि मदीना और मस्कट के लिए फिलहाल कोई उड़ान संचालित नहीं हुई। इस बीच, ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका युद्ध के दलदल में फंस चुका है और इससे निकलने के लिए सम्मानजनक रास्ता तलाश रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर पाकिस्तान जाने वाले हैं। चूंकि ईरान ने अमेरिका से सीधे वार्ता से इनकार किया है, ऐसे में दोनों देशों के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता से बातचीत की संभावना जताई जा रही है। सुबोध/२५ -०४-२०२६