इन्दौर (ईएमएस) एक दर्दनाक हादसे में अपनी भांजी की शादी की तैयारी कर रहे मामा की मौत हो गई। हादसा जूनी इंदौर थाना क्षेत्र का है। जहां रेलवे ट्रैक पार करते ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम विवेक श्रीवास उम्र साल निवासी गोविंद नगर है। वह नर्मदा जल आपूर्ति परियोजना में कार्यरत थे। पुलिस को पूछताछ में परिजन ने बताया, वे भांजी के विवाह की तैयारियों में हाथ बंटाने इंदौर आए थे। कल दिनभर बाजार में भांजी के लिए घरेलू सामान और उपहार उन्होंने खरीदे तथा रात करीब 8 बजे लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। परिजनों को हादसे का पता तब चला जब विवेक देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो वे उनकी तलाश में घूमते रात करीब 11 बजे रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे तो वहां भीड़ जमा थी। जमीन पर विवेक की घड़ी और सामान बिखरा देखा। उन्हें लहूलुहान हालत तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आनंद पुरोहित/ 26 अप्रैल 2026