राज्य
26-Apr-2026


ग्वालियर से फोन आते ही मचा हड़कंप, तत्काल छोड़ा जबलपुर, (ईएमएस)। लोगों को शराब के नशे में मदहोश करने वाला आबकारी विभाग खुद इतना मदहोश हो गया है कि उसे कानून का भय और नियम कायदों के दायरे का अभास नहीं है. गत दिवस एक शराब ठेकेदार के पार्टनर को आबकारी विभाग के अधिकारी उठा ले लाए और उसके घर के डीडीआर सीसीटीवी कैमरे भी निकाल ले गये. आरोप है कि शराब ठेकेदार का पार्टनर पहले अवैध शराब का कारोबार करता था, जिसपर कार्यवाही भी हो चुकी है. लेकिन अब वह शराब के वैधानिक कारोबार से जुड़ा है और शारदा चौक शराब दुकान समूह के ठेकेदार के साथ बिजनेस पार्टनर है. बताया गया है कि शराब ठेकेदार को जब प्रताड़ित किया गया तो वह शहर के एक रसूखदार के पास पहुंचा और उसने सीधे ग्वालियर मुख्यालय में आबकारी आयुक्त को फोन ठोंक दिया. उसके बाद जो हड़कंप मचा तो पूरे आबकारी विभाग में हलचल मच गई. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शारदा चौक शराब दुकान समूह के ठेकेदार के पार्टनर मंजू चक्रवर्ती को आबकारी विभाग के कमर्चारी अधिकारी गत दिवस उसके घर से उसे उठा ले आए और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे के सामने उसे पेश किया और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई. जिसके साथ ही मूल ठेकेदार को भी फटकार लगाई गई. दरअसल जिस मंजू चक्रवर्ती को आबकारी अमला उठाकर लाया था, उसपर आरोप है कि वह कभी अतीत में अवैध शराब का कारोबार करता था. अब उसे क्यों उठाया गया और क्यूं प्रताड़ित किया गया, इस पर विभाग चुप्पी साधे बैठा है. कहा तो यहां तक जा रहा है कि अमले ने न केवल मंजू चक्रवर्ती को उठाया बल्की उसके घर में लगे सीसीटीवी और डीवीआर तक उठा लाया. विभाग की प्रताड़ना से तंग ठेकेदार शहर के एक रसूखदार समाजसेवी के पास पहुंचा और अपना दुखड़ा रोया. इसके बाद मामले में नया मोड़ आया और ग्वालियर मुख्यालय से सीधे फोन आने के बाद ठेकेदार के पार्टनर को छोड़ा गया. बताया गया है की मुख्यालय से उपायुक्त को सीधे निर्देश मिले हैं कि पूरे मामले की तह में जाया जाए और कार्यवाही के नाम पर अनावश्यक प्रताड़ित न किया जाए. इस मामले को लेकर आबकारी विभाग में हड़कंप का माहौल है, यहां गौरतलब है कि बरेला शराब दुकान में घुसकर ठेकेदार के कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आने के बाद विभाग की बहुत फजीहत हुई थी और ठेकेदार लामबंद हो गये थे. सुनील साहू / शहबाज / 26 अप्रैल 2026/ 04.00