मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। खबर है कि एक निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स 1 लाख रूपये की धोखाधड़ी का शिकार हो गई। यह घटना मुंबई के देवनार इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, यह ठगी फेसबुक पर दिए गए एक विज्ञापन के जरिए की गई, जिसमें मात्र 299 रूपये में ड्रेस बेचने का दावा किया गया था। नर्स ने इस ऑफर को देखकर एक ड्रेस खरीदने की कोशिश की। इसके बाद ठगों ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया और शुरुआत में ड्रेस की कीमत मांगी। लेकिन बाद में अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे वसूलते रहे। आरोपियों ने नर्स से शिपिंग चार्ज, जीपीएस चार्ज, ट्रैकिंग फीस, वेरिफिकेशन कोड और एड्रेस कन्फर्मेशन के नाम पर पैसे लिए। इस तरह 16 से 20 अप्रैल के बीच पांच दिनों में नर्स से करीब 1 लाख रूपये ठग लिए गए। ठगों ने हर बार यह भरोसा दिलाया कि ऑर्डर जल्द डिलीवर होगा और अधिकांश पैसा वापस कर दिया जाएगा। लेकिन जब न तो ड्रेस मिली और न ही पैसे वापस हुए, तब नर्स को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। देवनार पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहरहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर्स से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल के किसी को पैसे न भेजें। संजय/संतोष झा- २६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस