राज्य
26-Apr-2026


:: 22 मई को निकलेगी विशाल कलश यात्रा; राष्ट्र उत्थान और जन कल्याण के लिए 25 गांवों के श्रद्धालु होंगे शामिल :: इंदौर (ईएमएस)। हवा बंगला कैट रोड स्थित हरिधाम पर अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर धर्म और अध्यात्म की त्रिवेणी बहेगी। आश्रम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्यामदास महाराज की प्रेरणा और महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में यहाँ श्रीराम कथा, पंचकुण्डीय श्रीहनुमत महायज्ञ और विशाल भंडारे का दिव्य अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में शहर के साथ-साथ आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु भी पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। हरिधाम लोक मंगल न्यास की बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई। न्यास के अनुसार, पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में 22 मई को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। हरिधाम परिसर में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक हनुमत महायज्ञ होगा, जबकि दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीराम कथामृत की वर्षा होगी। इस दौरान 45x45 के आकार में विशेष यज्ञशाला का निर्माण किया जाएगा, जहाँ विशिष्ट महामंत्रों के साथ आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। आयोजन की भव्यता को देखते हुए न्यास के प्रमुख ट्रस्टी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं दिनेश मित्तल सहित डॉ. सुरेश चोपड़ा, सुधीर अग्रवाल, सीताराम नरेडी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशीष गर्ग, मुकेश जैन एवं विजय सिंह राणा की उपस्थिति में कार्ययोजना पर चर्चा की गई। महंत शुकदेवदास महाराज ने बताया कि अनुष्ठान के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन समिति की बैठकें निरंतर जारी हैं, ताकि तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जा सके। प्रकाश/25 अप्रैल 2026