राज्य
26-Apr-2026


पाकुड़(ईएमएस)।भाड़ा विवाद को लेकर 18 अप्रैल (शनिवार) से शुरू हुई कोयला ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल नौवें दिन 26 अप्रैल (रविवार) को समाप्त हो गई।रविवार को अमड़ापाड़ा बाजार स्थित आरएस पैलेस में पाकुड़ एसडीओ साइमन मरांडी और एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में प्रशासन, ट्रांसपोर्टरों और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया गया।इसके साथ ही कोयला ढुलाई फिर से शुरू कर दी गई।वार्ता में तय हुआ कि बीजीआर कंपनी 15 रुपए और डीबीएल कंपनी 10 रुपए प्रति टन भाड़ा बढ़ाएगी।नया भाड़ा 1 मई से लागू होगा।साथ ही दो महीने के भीतर ट्रिप बढ़ाने और अन्य समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया है।ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए 10 सदस्यीय निगरानी समिति बनाई जाएगी।डीबीएल कंपनी ने जीएसटी का नियमित भुगतान और सड़क दुर्घटना में थर्ड पार्टी खर्च वहन करने पर सहमति दी है।इसके अलावा हर वर्ष अप्रैल में भाड़ा पुनरीक्षण का भी निर्णय लिया गया।लगातार नौ दिनों तक कोयला ढुलाई ठप रहने से खदानों में कोयले का स्टॉक बढ़ गया और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित रही। इस दौरान कंपनियों के उत्पादन पर असर पड़ा, वहीं हाईवा मालिकों को भी रोजाना भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हड़ताल के कारण स्थानीय स्तर पर मजदूरों और छोटे कारोबारियों की आय भी प्रभावित हुई।हड़ताल समाप्त होने के बाद अब परिवहन, मजदूरी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों के सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। कर्मवीर सिंह/26अप्रैल/26