दमोह (ईएमएस) । जिले में जनगणना कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसके अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि कई स्थानों पर प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘स्व-गणना’ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आम नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही और पूर्ण जानकारी दर्ज कर शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों को स्व-गणना करने के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से अधिकांश ने अपनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। शेष नागरिकों से उन्होंने अनुरोध किया कि 30 अप्रैल की अंतिम तिथि नजदीक है, इसलिए जल्द से जल्द स्व-गणना पूर्ण करें और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें। ईएमएस / 26 अप्रैल 2026