-फर्जी वीडियो वायरल मामले में एक आरोपी गिरफ्तार चंडीगढ़,(ईएमएस)। फेमस राइटर मधु किश्वर को चंडीगढ़ पुलिस द्वारा इन्वेस्टिगेशन ज्वाइन करने के लिए दूसरा नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन वह अब तक पेश नहीं हुईं। वहीं इस मामले में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फर्जी वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जो हैदराबाद का रहने वाला है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए फर्जी वीडियो प्रसारित कर लोगों को गुमराह कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसे ट्रेस कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने एक दिन का रिमांड हासिल की है। पुलिस रिमांड में आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें मधु किश्वर समेत अन्य लोगों पर चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने में 20 अप्रैल को ही एक शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में कहा गया कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक वीडियो को गलत पहचान के साथ वायरल किया और उसमें अश्लील व भ्रामक शब्द जोड़कर पेश किया। इससे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की छवि खराब करने की कोशिश की गई और समाज में भ्रम फैलाया गया। मधु किश्वर व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी जानकारी चंडीगढ़ पुलिस ने खुद मीडिया को दी थी। उसके बाद जब मीडिया द्वारा पुलिस से मामले संबंधी पूछा तो उनका जवाब था कि इस मामले में उनके पुलिस स्टेशन में सिर्फ डीडीआर दर्ज हुई है और जांच साइबर सेल कर रहा है। जब साइबर सेल इंचार्ज से बात की गई तो उन्होंने भी कहा कि उनके पास तो केस ही दर्ज नहीं हुआ, तो जांच कैसे कर सकते हैं। उनके पास इस मामले की जांच नहीं है। सिराज/ईएमएस 27अप्रैल26