राष्ट्रीय
27-Apr-2026


-चुनाव आयोग ने राज्य पुलिस को विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें 79 देसी बम बरामद हुए हैं। 29 अप्रैल को होने वाली दूसरे चरण की मतदान से पहले इतनी संख्या में बम मिलने से हड़कंप मच गया है। इस गंभीर मामले की जांच अब एनआईए करेगी। अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला मूल रूप से शनिवार को कोलकाता के भांगड़ क्षेत्र के उत्तर काशी पुलिस थाने में दर्ज किया गया। पुलिस की कार्रवाई में एक स्थान पर बड़ी संख्या में देसी बम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। इन विस्फोटकों को छिपाकर रखा गया था, जो मानव जीवन और संपत्ति के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे। घटना के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने राज्य पुलिस को अवैध बम निर्माण और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि विस्फोटकों से जुड़े मामलों की जांच अब एनआईए द्वारा की जाएगी, ताकि निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित हो सके। बता दें राज्य में 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हो चुका है, जबकि दूसरे और अंतिम चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी संख्या में बम बरामद होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब इस मामले में एनआईए की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। सिराज/ईएमएस 27अप्रैल26