रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोलागांव में एक जघन्य और बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। 20 वर्षीय युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली मात्र 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, घटना तब हुई जब बच्ची की मां किसी काम से पोस्ट ऑफिस गई थीं। तेज धूप को देखते हुए मां ने सुरक्षा के लिहाज से अपनी बच्ची को पड़ोसी के घर छोड़ दिया था। सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोसी राहुल तारख (20 वर्ष) ने मासूम के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया। अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी राहुल तारख को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बच्ची को उसकी मां ने धूप से बचाने के लिए पड़ोसी के घर छोड़ा था। पुलिस ने मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस जघन्य कृत्य के बाद पूरे खोलागांव और अभनपुर क्षेत्र में भारी आक्रोश फैला हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026