राष्ट्रीय
28-Apr-2026


-दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या को लेकर तेजस्वी ने साधा बीजेपी सरकार पर निशाना पटना,(ईएमएस)। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में बिहार के निवासी पांडव कुमार की हत्या को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांडव कुमार को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह ‘बिहारी’ था। ‘बिहारी होने के अपराध’ में ही उसका दोस्त कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में जिस जगह बिहारी जानकर गोली मारी गई है, वहां निगम पार्षद, विधायक, सांसद बीजेपी के हैं। उन्होंने लिखा, यही नहीं, सीएम भी बीजेपी की हैं, बिहार सीएम भी बीजेपी के हैं और आधा दर्जन निष्क्रिय बड़बोले केंद्रीय मंत्री भी बिहार के, उपराज्यपाल बीजेपी के, गृहमंत्री और पीएम भी बीजेपी के हैं। बीजेपी बिहारियों के लिए काल बन चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजद नेता ने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या इन भाजपाइयों में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके? उन्होंने कहा कि असल में, 21 सालों की नीतीश-बीजेपी की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है, और दूसरे राज्यों की बीजेपी सरकार और प्रशासन मेहनतकश बिहारियों को सम्मान नहीं बल्कि शक, नफरत और हीनभावना की नजर से देखती हैं। उन्होंने कहा कि हर बार बिहारी पर अत्याचार होता है, प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली जिस दिल्ली पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसने ‘बिहारी होने मात्र से अपराधी मान लिया और गोली मार दी। इससे ज्यादा निंदनीय घटना क्या हो सकती है? बड़बोले एनडीए नेता इस घटना पर बिल में छिपे हुए हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर बिहारियों को प्रताड़ित करने वाले दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बिहार और बिहारवासियों के सम्मान पर आघात है, इसलिए न्याय चाहिए और अविलंब चाहिए। सिराज/ईएमएस 28अप्रैल26