नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी ( आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल आज औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं। वह राज्यसभा में आप के उन 7 सांसदों में से एक हैं, जो बीजेपी में शामिल हो गए हैं। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ‘आप’ से अलग होने के बाद मंगलवार को दिल्ली बीजेपी कार्यालय पहुंचीं थीं। जहां दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा से भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, लोकसभा सांसद योगेंद्र चंदोलिया तथा दिल्ली भाजपा के महासचिव विष्णु मित्तल भी मौजूद रहे। इस मौके पर स्वाति मालीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह ने जो देश में ऐतिहासिक काम किए हैं, मैं उनसे बहुत ज्यादा प्रभावित हूं इनसे प्रेरणा लेकर मैं आज भाजपा में जुड़ी हूं। मैं भाजपा में किसी मजबूरी से नहीं आई। मैं भाजपा के कामों में बहुत सालों से दिलचस्पी रख रही हूं। उल्लेखनीय है कि गत 24 अप्रैल पंजाब से ‘आप’ के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी। इस दौरान राघव चड्ढा ने भाजपा में शामिल होने की पुष्टि करते हुए दावा किया था कि उनके साथ कुल सात राज्यसभा सांसदों का समर्थन है। इनमें हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल बताए गए थे। पार्टी छोड़ने वाले सात में से 6 सांसद पंजाब से और एक दिल्ली से संबंधित हैं। बता दें कि राज्यसभा के सभापति ने सोमवार को आप का साथ छोड़ने वाले उन सातों सांसदों के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया कि उन्हें भाजपा सदस्य माना जाए। अब संसद के उच्च सदन में भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर 113 हो गई। अब राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के केवल तीन सदस्य रह गए हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ अप्रैल /2026