क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से चर्चा करते हुये कहा कि भाजपा नेता अजय चंद्राकर के घर ईडी की छापेमारी हुई है। बताया जाता है भारत माला घोटाले के संदर्भ में छापे मारे गये। क्या इस छापे के पीछे एक मात्र यही कारण है। बड़े-बड़े घोटाले करने के बाद सैकड़ो लोग भाजपा में शामिल हुये उनके खिलाफ कार्यवाही बंद कर दी गयी, क्लीन चिट दे दिया गया। अजय चंद्राकर तो भाजपा के ही नेता है, फिर उनके घर ईडी क्यों गयी होगी? दरअसल अजय चंद्राकर के विधानसभा में तीखे सवालों से भाजपा नेतृत्व डरा हुआ है। वे अपनी पार्टी की सरकार को आईना दिखाते है। विधानसभा में साय सरकार के 2047 के डाक्यूमेंट को उन्होंने झूठ का पुलिंदा बताया। इसीलिए अजय चंद्राकर के घर ईडी भेजकर जबान बंद करने की कोशिश की जा रही है। पहले विरोधियो के यहां ईडी भेजते थे, अब वे जो अपने है लेकिन असहमत है उनके यहां ईडी भेज रहे है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि खरीफ फसल का सीजन आने वाला है। खरीफ में लगने वाले उर्वरको की उपलब्धता पर सरकार मौन है। बार-बार मांग करने के बाद सरकार कितना स्टाक उपलब्ध है, कुछ बता नही रही है। सोसायटियों में न यूरिया पहुंची है और न डी.ए.पी। पिछले साल भी सरकार कितनो को यूरिया, डीएपी नही दे पाई थी, इस बार भी सरकार की तैयारी पूरी नहीं दिख रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार मांग के अनुसार उर्वरको की उपलब्धता सुनिश्चित कराये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अडानी पावर को पानी पहुंचाने किसानों के खेतों में जबरिया पाईप डाल रहे, विरोध करने पर धमकाया जा रहा है। अडानी पावर के लिये पानी सप्लाई करने आरंग ब्लाक के महानदी के चिखली और समोदा घाट से अडानी पावर रायखेड़ा में 45 किलोमीटर पाईप लाइन बिछाई जा रही है। इसके लिए किसानों के खेतों को खोदा जा रहा, मेड काटे जा रहे, पेड काटे जा रहे तथा किसानों को न मुआवजा दिया गया न ही उनकी सहमति ली गयी है। 10ग10 की पाइप लाइन डाली जा रही है, जिससे किसानों को 20 फिट खेत प्रभावित हो रहे। भविष्य में किसान यहां पर खोदाई आदि नहीं कर पायेंगे। जो किसान विरोध कर रहे उनको धमकाया जा रहा है। कांग्रेस इसका विरोध करती है तथा हम मांग करते है कि किसानों को मुआवजा दिया जाये तथा सहमति लेकर ही खुदाई की जाये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राजधानी में कल फिर चाकूबाजी से एक युवक की हत्या कर दी गयी। एक नाबालिक गंभीर रूप से घायल है। कमिश्नरी प्रणाली लागू करने के बाद भी अपराधों पर अंकुश नहीं लग रहा है। रोज हत्या, लूट, चाकूबाजी, की घटनाये हो रही है। पुलिस अपराधो को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है। पुलिस का अपराधो को रोकने के लिये कोई प्रयास भी नहीं दिख रहा। पुलिस तो केवल ट्रैफिक के चालान करने, वसूली करने में व्यस्त है। राजधानी में अपराधों का ग्राफ बढ़ते ही जा रहा है। गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के नाक के नीचे राजधानी में रोज हो रही अपराधिक घटनाये सरकार की विफलता को बताती है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026